10000

Friday, 7 July 2017

पानीपत NEWS

अब की बार पेड़ लगाने के साथ पेड़ बचाने का अभियान चलाया जाएगा
पानीपत, 7 जुलार्ई। 
शहर में पौधारोपण की मुहिम को बल प्रदान के लिए अब की बार पेड़ लगाने के साथ पेड़ बचाने का अभियान चलाया जाएगा। इस तरह की मुहिम का पहली बार प्रयोग किया जाएगा। साथ ही साथ पेड़ लगाने के लिए लोगों की मांग के तहत ही पेड़ उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उपायुक्त डॉ0 चन्द्रशेखर खरे ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पौधारोपण अभियान इसलिए असफल हो जाता है कि इसमें आम आदमी की सहभागिता ज्यादा से ज्यादा नहीं हो पाती। हालांकि जिला में पौधारोपण अभियान को आगे ले जाने में कुछ संस्थाएं पूरा सहयोग कर रही हैं। क्योंकि पौधे तो लग जाते हैं लेकिन उनकी सम्भाल करने के लिए लोग आगे नहीं आ पाते हैं। शहरी स्तर पर यह समस्या ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि इस बार लोगों से पेड़ बचाने की अपील की जाएगी। पानीपत शहर की कमान नगर निगम कमीश्रर के जिम्मे रहेगी। ग्रामीण क्षेत्र के लिए अतिरिक्त उपायुक्त और समालखा के लिए एसडीएम गौरव कुमार की देखरेख में पौधारोपण के कार्यक्रम किए जाएंगे और लोगों को ज्यादा से ज्यादा इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
वन विभाग की ओर से हर घर हरियाली और हर गांव पेड़ों की छांव की योजनाओं के तहत लोगों को घरों और फार्महाउसों में खाली पड़ी जगहों के लिए पेड़-पौधे दिए जा रहे हैं। कोई भी व्यक्ति वन विभाग में इसके लिए मांग रख सकता है। इसी तरह सभी गांवों के खाली क्षेत्र को हर गांव पेड़ों  की छांव योजना के तहत कवर किया  जाए।
उपायुक्त डॉ0 चन्द्रशेखर खरे ने कहा कि पौधे लगाने का कार्यक्रम अगस्त माह के अंत तक चलाया जाए। शहर के लिए करीब पाचं कार्यक्रम और समालखा शहर में करीब दो कार्यक्रम, पौधारोपण के लिए किए जाएंगे। जिसमें मौके पर पौधारोपण तो किया जाएगा। बल्कि साथ-साथ  लोगों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
डॉ0 चन्द्रशेखर खरे ने कहा कि इसी माह जिला स्तरीय वन महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। इसमें भी लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर एडीसी राजीव मेहता, नगर निगम कमीश्रर शिव प्रसाद शर्मा, एसडीएम समालखा गौरव कुमार, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ0 वाईपी त्यागी, जिला वन अधिकारी बिजेन्द्र सिंह, एएफओ वीरेन्द्र कुमार, स्वदेशी जागरण मंच से महेश थरेजा, बिजेन्द्र अत्री आदि उपस्थित थे।
फोटो परिचय-1 से 5-उपायुक्त डॉ0 चन्द्रशेखर खरे पौधारोपण को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए। 
------------------------------
गुरूद्वारा हादसे में मारे गए व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख के चैक प्रदान किए गए।
पानीपत, 7 जुलार्ई।  जिला प्रशासन की ओर से कई दिनों पहले गुरूद्वारा हादसे में मारे गए व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख के चैक प्रदान किए गए। नगराधीश संदीप अग्रवाल ने मृतक नन्हें उर्फ रतिराम और दर्शन सिंह के परिजनों को पांच-पाचं लाख का चैक प्रदान किया। एक अन्य मृतक धीरज कुमार पुत्र राजेश कुमार को चैक दिए जाने को लेकर जिला प्रशासन ने अभी इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया है।
नगराधीश संदीप अग्रवाल ने बताया कि  मृतक धीरज के माता-पिता और उनकी पत्नी के बीच सुलह न होने के कारण चैक प्रदान नहीं किया गया है। उनके माता-पिता को इस बारे बता दिया गया है। मृतक की पत्नी और माता-पिता जब इकटठे होकर आएंगे, तब उनकी पत्नी को चैक प्रदान कर दिया जाएगा।
फोटो-6 व 7- चैक प्रदान करते हुए नगराधीश संदीप अग्रवाल।
-------------------------------------------------------------
200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के इक्टठा होने पर पाबंदी रहेगी

पानीपत, 7 जुलाई। 
जिलाधीश एवं उपायुक्त डॉ0 चन्दशेखर खरे ने हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 25 जुलाई तक आयोजित माध्यमिक,  वरिष्ठ माध्यमिक स्तर व डीएलडी व डीएड की  परिक्षाओं में जानमाल की हानि रोकने और आमजन में शांति स्थापित करने केे दृष्टिगत दण्ड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत आदेश जारी किए हैं।
आदेशानुसार परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के इक्टठा होने, किसी भी तरह के आग्रेय अस्त्र, तलवार, लाठी, बरछा, जेली, गण्डासा व कुल्हाड़ी इत्यादि किसी भी तरह के हथियार लेकर चलने पर पाबंदी रहेगी।  इसके साथ-साथ 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट मशीनें भी बंद रहेंगी। ये आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं और परीक्षा खत्म होने तक लागू रहेंगे। इन आदेशों की अवहेलना करने वाले व्यक्ति पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के तहत कार्यवाही की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

मनीष गुप्ता भाविप घरौंडा के अध्यक्ष,दीपक शर्मा सचिव व हरीश गर्ग कोषाध्यक्ष बने।

दायित्व ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की शिरकत घरौंडा, डॉ प्रवीण कौशिक           भारत विकास परिषद्, शाखा घरौंडा द्वार...