घरौंडा : प्रशान्त कौशिक
नगरपालिका सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में शहर में झाडू प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नपा कर्मचारियों ने चेताया कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगें पूरी नही की तो 11 जुलाई की गेट मीटिंग के बाद सभी कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर चलते जाएंगे।
शुक्रवार को नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर स्थानीय नगरपालिका कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर में झाडू प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। ब्लॉक प्रधान कालाराम, सुरेश कुमार, राजिंद्र कुटेल, रणबीर सिंह, दलबीर सिंह, राजेश सोदा, गीता, संतोष, भतेरी व अन्य कर्मचारियों का कहना है कि कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार के सामने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार समान काम-समान दाम देने तथा सातवां वेतन आयोग लागू किए जाने सहित कुछ अन्य मांगें रखी हुई है। लेकिन सरकार इन मांगों को मानने में आनाकानी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियां अपना रही है। जिससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति लगातार रोष बढ़ता जा रहा है, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नही रेंग रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार समान विकास का ढिंढोरा पीटते नही थक रही और दूसरी तरफ कर्मचारियों को समान वेतन तक नही दिया जाता, जबकि उनसे समान काम लिया जाता है। उन्होंने कहा कि नपा सफाई कर्मचारी पूरी मेहनत के साथ कार्य कर रहे है, लेकिन सरकार को उनकी मेहनत दिखाई नही दे रही है। कर्मचारियों ने चेताया कि 11 जुलाई को प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर गेट मीटिंग बुलाई गई है। यदि सरकार ने जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा नही किया तो 11 जुलाई के बाद तीन दिन की हड़ताल की जाएगी।
फोटो केप्शन-घरौंडा नगरपालिका में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नपा कर्मचारी तथा शहर में झाडु प्रदर्शन करते हुए

No comments:
Post a Comment