करनाल 23 जून -प्रवीण कौशिक
उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ ने करनाल शहर का नाम स्मार्ट सिटी में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रशासनिक अधिकारियों,समाज सेवी संस्थाओं,ऐच्छिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट शहरों की सूची में शामिल होने पर करनाल शहर के विकास कार्यों के लिए भारत सरकार से करोड़ों रूपये की ग्रांट अलग से मिलेगी, जिससे करनाल शहर का नक्शा ही बदल जाएगा।
डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा करनाल शहर के चहुमुखी विकास के लिए करोड़ों रूपये की राशि के विकास कार्य तेज गति से करवाए जा रहे हैं। भारत सरकार से स्मार्ट शहर के लिए जो ग्रांट प्राप्त होगी, उस राशि से ना केवल विकास कार्यों को गति मिलेगी बल्कि शेष बचे कार्य भी जल्द पूरे होंगे। यह करनाल वासियों का सौभाग्य है कि उन्हें भारत सरकार की स्मार्ट सिटी योजना में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है,यह सब आम जनता के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत करनाल जिला का ग्रामीण क्षेत्र खुले में शौचमुक्त हो चुका है तथा शहरी क्षेत्र को भी जल्द से जल्द खुले में शौचमुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,जिसे निर्धारित समयावधि में हर सम्भव पूरा किया जाएगा ताकि सम्पूर्ण करनाल जिला खुले में शौचमुक्त हो सके। उन्होंने कहा कि जिन शहरी क्षेत्र के लोगों के पास निजी शौचालय नहीं है उनके लिए सामुहिक एवं सार्वजनिक शौचालय बनवाए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन अभियान से जुड़े अधिकारी/कर्मचारी तथा प्रेरको द्वारा लोगों को ना केवल निजी शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है बल्कि उनका प्रयोग करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के विकास के लिए ऐसी योजनाएं कार्य रूप में परिणत की जाएगी,जिनके चलते करनाल शहर अन्तर्राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी उपस्थिति का अहसास कराएगा।
No comments:
Post a Comment