10000

Monday, 24 April 2017

अंतिम पंक्ति में खडे व्यक्ति को लाभ दिलाने के लिए संकल्प लें कार्यकत्र्ता: बराला


: BY- PARVEEN KAUSHIK--GHARAUNDA
करनाल में प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्ष, प्रभारियों की बैठक में बोले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
: संगठन को मजबूत करना है तो पालें आत्म संतुष्टि का भाव  
करनाल 24 अप्रैल।
 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केन्द्र एवं राज्य सरकार की गरीब कल्याण से जुडी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को दिलवाने का कार्य करने का संकल्प लें। यही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है और इससे संगठन मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ता में आत्म संतुष्टि का भाव भी पैदा होगा। कार्यकत्र्ता सत्ता, संगठन के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए अपने दायित्व का निवर्हन करें, तभी हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद पर आगे बढ सकेंगे।
सोमवार से करनाल में भाजपा के दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक से पूर्व जीटी रोड स्थित एक निजी होटल में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार अपने मध्याह्न में पहुंच चुकी है। अब तक हमने योजनाओं में पारदर्शिता लाने और सुशासन की राह पर प्रदेश को आगे बढाने के लिए खाका खींचा है। उन्होंने वर्तमान समय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को हमें जनता के बीच लेकर जाने के कमर कसनी होगी। कार्यकत्र्ताओं को आत्मचिंतन करना चाहिए कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता एवं संगठन के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए हमें न केवल स्वयं योजना को बेहतर तरीके से समझना होगा, अपितु उनके दायरे में आकर लाभ पा सकने वाले लोगों को इसका लाभ दिलाना भी सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए निचले स्तर तक अपनी पहुंच बनाने के लिए कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया कि वह संगठन को मजबूत बनाने के लिए गरीब कल्याण वर्ष की योजनाओं पर मेहनत करें। उन्होंने खुशी जताई कि भाजपा के संगठन की ताकत कार्यकत्र्ता अपनी जिम्मेदारी को हमेशा दायित्व मानते हुए स्वीकार करते हैं और कामयाबी की ओर बढते हैं।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि गत 11 जुलाई को पांच राज्यों में चुनावों में भाजपा की अप्रत्याशित जीत से साबित हो गया है कि देश की जनता प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी जी के नोटबंदी जैसे साहसिक निर्णयों के साथ-साथ केन्द्र सरकार की सभी वर्गों के लिए बनाई जा रही योजनाओं को मन से स्वीकार कर रही है और धीरे-धीरे वर्षों तक सत्ता पर काबिज राष्ट्रीय दल क्षेत्रीय दलों के रूप में परिवर्तित होते जा रहे है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को मजबूती देने के लिए हम सब आगे बढ़ेंगे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता समेत पार्टी के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के सामने दीप प्रज्जवलन तथा वन्देमातरम् गायन से हुई। बैठक में 11 फरवरी को पार्टी संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती समर्पण दिवस के रूप में 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस एवं 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जयन्ती के कार्यक्रम बूथ स्तर पर आयोजन की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में महामन्त्री (संगठन) श्री सुरेश भट्ट समेत सभी महामन्त्री, प्रदेश उपाध्यक्ष, सचिव समेत चार दर्जन से अधिक नेता उपस्थित थे। बैठक में कार्यसमिति में रखे जाने वाले राजनैतिक प्रस्ताव पर चर्चा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में महामन्त्री वेदपाल, संजय भाटिया, संदीप जोशी, उपाध्यक्ष बन्तो कटारिया, नीरा तोमर, कविता चौधरी, अरविन्द यादव, जे.पी. दलाल, धर्मपाल शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रमुख राजीव जैन, सह सम्पर्क प्रमुख सूरजपाल अम्मू, प्रवक्ता वीरकुमार यादव, राजीव जेटली, रमन मलिक, संजय शर्मा, गुलशन भाटिया, भारत भूषण, सत्यव्रत शास्त्री, सत्यप्रकाश जरावता, किसान मोर्चा अध्यक्ष समय सिंह भाटी, महिला मोर्चा अध्यक्ष निर्मला बैरागी, युवा अध्यक्ष मनीष यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा के रामअवतार बाल्मीकि, पिछडा वर्ग के मदन चौहान, चेयरमैन रामेश्वर चौहान तथा विधायक भगवानदास कबीरपंथी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

मनीष गुप्ता भाविप घरौंडा के अध्यक्ष,दीपक शर्मा सचिव व हरीश गर्ग कोषाध्यक्ष बने।

दायित्व ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की शिरकत घरौंडा, डॉ प्रवीण कौशिक           भारत विकास परिषद्, शाखा घरौंडा द्वार...