by -Parveen Kaushik
पूरी तरह से बंद होना चाहिए तीन तलाक का विषय--महिलाओं को अपने अधिकारों के बारे में जागरूक होने की जरूरत:-सदस्य राष्ट्रीय महिला आयोग रेखा शर्मा
स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मीडिया से रू-ब-रू हुई राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रेखा शर्मा
करनाल 19 अप्रैल, वर्तमान समय में लड़कियों को शिक्षित कर संस्कारों की दीक्षा देना बहुत जरूरी है। पढ़-लिखकर बेटियां अपने पांव पर खड़े होकर समाज को बेहतरीन दिशा व दशा देकर रोजगार के नये आयाम स्थापित कर सकती हैं। इसलिए बेटियों को सामाजिक संरक्षण की बहुत जरूरत है,तभी हमारा समाज और राष्ट्र विकास और उत्थान के नये शिखर पर पहुंच पाएंगा। यह बात राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रेखा शर्मा ने बुधवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
रेखा शर्मा ने कहा कि हमेशा चीजों को सकारात्मक रूप में देखना चाहिए, सकारात्मक लोगों से मिलना चाहिए और सकारात्मक बातें ही सुननी चाहिए। महिला को कभी भी कमजोर नहीं समझना चाहिए क्योंकि वर्तमान में महिलाएं पुरूषों से कंधा से कंधा मिलाकर नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शादी के बाद बेटियों का पंजीकरण भी होना चाहिए ताकि जरूरत पडऩे पर पंजीकरण उपयोगी बन सके।
उन्होंने बताया कि वे दो दिन के दौरे पर करनाल आई थी जिसके तहत उन्होंने हरियाणा पुलिस एकादमी मधुबन में आयोजित 800 महिला सिपाहियों को उनकी क्षमता निर्माण के लिए प्रशिक्षण दिया। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा पहली बार करनाल में ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया गया है यह विषय पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। हरियाणा के बाद अगले माह से पंजाब में ऐसे शिविर व कार्यशालाएं राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नॉर्थ इस्ट वाले प्रदेशों की महिलाओं की सोच बहुत अच्छी हैं वहां की महिलाएं स्वयं का रोजगार स्थापित कर काम कर रही है तथा अन्य महिलाओं को भी जागरूक कर रही हैं। उन्होंने उद्हारण स्वरूप बताया कि मिजोरम के आईजोल क्षेत्र में जो शैल्टर होम स्थापित हैं उस शैल्टर होम में बहुत अच्छा कार्य हो रहा है।
उन्होंने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए बताया कि करनाल में प्रदेश का एक मात्र नारी निकेतन है लेकिन प्रदेश सरकार ने अब फरीदाबाद में नारी निकेतन बनाने को मंजूरी दे दी है, यही नहीं भारत का दूसरा वन स्टॉप सैंटर जो कि करनाल में है। यह हरियाणा का पहला वन स्टॉप सेंटर है। अब करनाल के अलावा 6 और जिलो में भी इसकी स्वीकृति हो चुकी है तथा इस पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने तीन तलाक के विषय पर बोलते हुए कहा कि यह पूरी तरह से बैन होना चाहिए, इसके लिए उनके पास मुस्लिम महिलाओं ने करीब एक लाख हस्ताक्षर करके दिए हैं कि तीन तलाक को बंद किया जाए। करनाल के नारी निकेतन के रहन-सहन और सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने लिखित रूप में पत्र मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दिया है,इस पर सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे नारी निकेतन में जो भी खामियां हैं उन्हें जल्द दूर कर दिया जाएगा।
रेखा शर्मा ने आगे कहा कि उन्हें ज्यादात्तर शिकायतें पुलिस विभाग से सम्बन्धित आती हैं इसलिए आयोग ने शिविर आयोजित कर महिला पुलिस सिपाहियों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया है यही नहीं उन्होंने इस विषय में हरियाणा के डीजीपी केपी सिंह से भी बातचीत की है।
इस मौके पर सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क, राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सचिव डा० सतबीर बेदी तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जगमोहन आनन्द भी उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment