स्मार्ट सिटी के एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आई.सी.सी.सी. (इंटाग्रेटिड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) की स्थापना को लेकर उपायुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ निशांत कुमार यादव ने मंगलवार को डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम के सभागार में पी.एम.सी. प्रवीन झा व आई.सी.सी.सी. के ऑप्रेशन हैड पांडयन के साथ मीटिंग करके इसके प्रोग्रेस की जानकारी ली। यह सेंटर सेक्टर-12 स्थित नगर निगम की नई बिल्डिंग में बनाया जा रहा है। फिलहाल सेंटर के लिए सिविल वर्क चल रहा है, जो 15 सितम्बर तक पूरा होगा।आई.सी.सी.सी. को लेकर की गई इस मीटिंग में रिव्यू के बाद सीईओ ने बताया कि सिविल वर्क के बाद विडियो वाल बनाने का काम शुरू होगा। डिजाईन के अनुसार छोटे-छोटे रूम या ब्लॉक बनाए जाएंगे, जो अंदर सिटिंग के हिसाब से बनेंगे। कंट्रोल रूम के मुकम्मल होने के बाद इसमें ऑप्रेटर बैठकर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम तथा ट्रैफिक मेनेजमेंट सिस्टम की मॉनिटरिंग का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि सेंटर में फाल सिलिंग होगी तथा हार्डवेयर लगेगा और फिर फर्नीचर व एयर कंडिशनिंग के काम होंगे। मेन पावर के साथ आई.सी.सी.सी. सेंटर आगामी अक्तूबर के अंत तक कार्य करना शुरू कर देगा।
इन कार्यों की समीक्षा के दौरान सीईओ ने ऑप्रेशन हैड को निर्देश देते हुए कहा कि मुझे प्रोग्रेस चाहिए, सिविल वर्क और विडियो वाल जैसे काम ज्यादा समय नहीं लेते। उन्होंने कहा कि वे अगले एक-दो दिन में सेंटर में चल रहे कार्य की प्रगति देखने जाएंगे। सेंटर के अंदर डिजाईन के अनुसार क्या-क्या होगा, उसे मार्किंग के तरीके से देेखेंगे। ऑप्रेशन हैड ने बताया कि सारा काम पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में आई.सी.सी.सी. के प्रोजेक्ट में शामिल ए.टी.सी.एस. (अडाप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम/अनुकूल यातायात नियंत्रण प्रणाली) तथा आई.सी.एम.एस. (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मेेनेजमेंट सिस्टम/ बुद्धिमतापूर्ण यातायात नियंत्रण प्रणाली) पर भी चर्चा की गई और सीईओ ने इनकी प्रगति की जानकारी ली। ऑप्रेशन हैड ने बताया कि शहर की 29 अलग-अलग लोकेशन पर अनुकूली यातायात नियंत्रण प्रणाली के काम होंगे। इसकी विशेषता यह है कि सिग्नल पर वाहनो के फ्लो के आधार पर ट्रैफिक लाईटे काम करेंगी यानि ज्यादा वाहन हुए तो लाईटें ज्यादा देर तक और कम हुए तो लाईटे कम देर तक रहकर ट्रैफिक को निकलने देंगी। इन जगहों पर फाउंडेशन भरने के काम चल रहे हैं, 5 जगह कम्पलीट हो गई हैं, जिनमें से 2 पर पोल लगने शुरू हो गए हैं, 8 जगहों पर खुदाई का काम चल रहा है। सभी जगह पर खम्बो की संख्या लोकेशन पर आधारित रहेगी।
उन्होंने बताया कि इंटेलिजेंट ट्रैफिक मेेनेजमेंट सिस्टम के तहत ट्रैफिक वायलेशन की सूरत में पुलिस एन्फोर्समेंट की जरूरत नहीं रहेगी। ऑटोमेटिक तरीके से ऑनलाईन चालान होंगे। सिस्टम की अन्य विशेषताओं में ऑटोमेटिक नम्बर प्लेट रिडर, रेड लाईट वायलेशन डिडक्शन तथा स्पीड वायलेशन डिडक्शन जैसी विशेषताएं शामिल हैं। शहर की 59 लोकेशन पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाने को लेकर उन्होंने बताया कि शहर की निगरानी के लिए सभी लोकेशन पर फिक्स व पी.टी.जैड. कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें बुलेट कैमरा भी शामिल होंगे, जो किसी भी घटना की एवीडेंस के लिए होते हैं।
मीटिंग में नगर निगम के चीफ इंजीनियर रामजी लाल, एस.ई. दीपक किंग्गर, तकनीकी सलाहकार एस.के. ठकराल तथा स्पोर्ट इंजीनियर मोहन शर्मा मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment