KARNAL-PARVEEN KAUSHIK
करनाल 30 सितम्बर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विजय दशमी के दिन हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम भ्रष्टाचार, कन्या भू्रण हत्या व गंदगी जैसे कलंक को दूर करेंगे, समाज में फैल रही अन्य बुराईयों का दहन करना होगा ताकि हमारा देश व प्रदेश आगे बढ़े और जीवन सदाचारी बनें।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को देर सायं सैक्टर 12 हुडा ग्राऊंड में आयोजित विजय दशमी महोत्सव में रावण व लंका दहन करने से पूर्व उपस्थित भारी जन समूह को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले श्री रामलीला सभा मंच द्वारा मुख्यमंत्री को स्मृत्ति चिन्ह देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस की जीप में सवार होकर ग्राउंड में उपस्थित जन समूह का अभिनन्दन किया और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी तथा झांकियों का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने स्टेज से ही रिमोट के माध्यम से लंका, रावण, कुम्भकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया। मुख्यमंत्री ने अपने ऐच्छिक कोष से श्री रामलीला सभा को 11 लाख देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के सिद्धान्तों को जीवन में धारण करके एक अच्छे समाज की रचना करनी है, वहीं अहंकार रूपी रावण की बुराइयों व समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करके एक अच्छे मानव चरित्र का निर्माण करना हैं। उन्होंने कहा कि विजय दशमी पर्व असत्य पर सत्य की, बुराई पर अच्छाई की जीत है, यह दिवस हमें कुछ नया सिखाता है। हमें एक अच्छे समाज व मानव के निर्माण के लिए इन मर्यादाओं को अपने जीवन में धारण करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे मानव का निर्माण होने से निसन्देह प्रदेश व देश का विकास होता है और जीवन में सुखद आनन्द की प्राप्ति होती है। उन्होनें कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां पर सबसे अधिक उत्सव (पर्व) मनाए जाते हैं। दशहरा पर्व भारत देश में ही नही दुनिया के कई देशों में मनाया जाता है, ये त्यौहार हमें एकता के सूत्र में पिरोए रखते है। भगवान श्री राम से जीवन में कुछ करने का संकल्प लें।
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय सनातन पराम्पराओं के अनुसार आज का दिन एक महत्वपूर्ण दिन है। आज का दिन बुराईयों के रावण को नष्ट करने का दिन है। यह दिन हमें सचेत रहने की प्रेरणा देता है। राम साक्षात धर्म है और रावण अधर्म। युद्ध में रावण ने मारिच जैसे भगत को भी पशु बनाने के लिए प्रेरित किया जबकि श्री राम चन्द्र ने पशुओं को भी देवता के रूप में दर्शाया। उन्होंने उपस्थित सभी जन समूह को विजय दशमी पर्व की शुभकामनाएं दी।
श्री रामलीला सभा मंच के प्रधान अजय गुप्ता व अन्य पदाधिकारी अजय जैन, गौरव गर्ग, नरेश जायसवाल, देवेन्द्र अग्रवाल, अनिरूद्ध दीवान, डा0 राजीव गुप्ता द्वारा स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज, नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता, ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, समाज सेवी बृज गुप्ता, पूर्व गृह राज्य मंत्री आईडी स्वामी, पूर्व मंत्री शशीपाल मेहता, भाजपा के जिला अध्यक्ष जगमोहन आनन्द, भाजपा के प्रदेश महामंत्री वेद पाल एडवोकेट को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र, सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, भाजपा नेता योगेन्द्र राणा, जगदेव पाढ़ा, सतीश कैरवाली, दीपक गुप्ता, प्रवीन लाठर, अशोक भंडारी, नरेन्द्र पंडित तथा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डा0 आदित्य दहिया, एसपी जश्रदीप रंधावा, एडीसी निशांत कुमार यादव, ईओ हुडा सतीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।