शहर में बेखौफ बदमाश लूट व स्नैचिंग की वारदातों को खुलेआम अंजाम दे रहे है। शहर के देवी मंदिर के नजदीक स्कूटर पर सवार बदमाश बुजुर्ग महिला के हाथों से सोने के कंगन लूटकर फरार हो गए। लूट की यह घटना दुकानों के बाहर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जें में लेकर तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द अपराधियों को दबोच लिया जाएगा। लेकिन दस दिन के भीतर दिन दिहाड़े हुई लूट की इस चौथी घटना से शहरवासी खौफजदा है और पुलिस के सुरक्षा प्रबंधों के दावों पर सवालियां निशान लगा रहे है।
शहर में एक बार फिर बेकौफ बदमाशों ने पुलिस के सुरक्षा प्रबंधों की पोल खोलते हुए दिनदिहाड़े लूट को अंजाम दे दिया। लगातार हो रही स्नेचिंग और लूट की घटनाओं से शहर में लुटेरो के गैंग के सक्रिय होने की आशंका बढ़ गई है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे स्कूटर पर सवार तीन बदमाशों ने अपने घर से बाजार जा रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला कमला देवी को अपना निशाना बनाते हुए सोने के कंगन लूट लिए। बदमाश के गैंग का एक सदस्य वृद्ध महिला को झांसा देकर एक गली में ले गया और वहां मौजूद उसके साथियों ने महिला के हाथ से सोने के कंगन उतार लिए और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुआ सारा वाक्या-
बुजुर्ग महिला के पुत्र राजेश अग्रवाल के मुताबिक, उनकी माता कमला देवी को देवी मंदिर की तरफ से जीटी रोड की तरफ आना था, लेकिन पता नहीं बदमाशों ने उनके साथ क्या किया कि वह उनके साथ मंडी रोड की तरफ निकल पड़ी। सीसीटीवी कैमरें में दो बदमाश पैदल चल रहे है और एक स्कूटी पर है, जबकि उनकी माता पीछे-पीछे आ रही है। रामलीला ग्राउंड के पास ही एक गली में उनकी माता जी चली जाती है। जहां से तीनों बदमाश उनके हाथों से चार-पांच तोले के सोने के कंगन लूटकर फरार हो जाते है। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जें ले लिया है और छानबीन शुरू कर दी है।
क्राइम के बढ़ते मामले, कभी स्नैचिंग तो कभी फायरिंग-
शहर में क्राइम बढ़ता जा रहा है और पुलिस पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के दावे कर रही है। दस दिन के अंदर यह स्नैचिंग की चौथी घटना है। कभी महिलाओं के हाथों से सोने के कंगन लूटे जाते है तो कभी गले की चैन। कभी किसी व्यापारी पर फायरिंग की जाती है तो कभी शहर के जनप्रतिनिधियों को लाठी डंडों से पीटपीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया जाता है। इन घटनाओं से शहर में खौफ है। अब बाहर निकलते हुए भी व्यक्ति को सोचना पड़ता है।
लूटेरों के निशानें पर महिलाएं, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल-
शहर में लूटेरों के निशाने पर उम्रदराज महिलाएं है। रामनगर कालोनी में महिला के हाथों से सोने के कड़े लूटे गए थे। उसके बाद हनुमान मंदिर के पास दिनदिहाड़े एक महिला का पर्स छीन लिया गया। बस स्टैंड के पास लूटेरों ने सरेआम महिला के गले से सोने की चैन झपट ली और आज एक बुजुर्ग महिला फिर से लूटेरों का शिकार हो गई और उसके भी सोने के कंगन लूट लिए गए। इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। शहरवासी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे है। शहरवासियों का कहना है कि अब तो घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। बदमाश और लूटेरे सरेआम लूटपाट कर रही है और पुलिस अभी तक किसी भी बदमाश को नहीं पकड़ पाई है।
वर्जन-
देवी मंदिर के पास से तीन बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के कंगन लूटे है। सीसीटीवी में घटना रिकॉर्ड हुई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जें लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शहर में अपराधिक घटनाओं से निपटने के लिए लगातार पैट्रोलिंग की जा रही है। पीसीआर की गश्त बढ़ाई गई है और चौंक चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाते है। बदमाशों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
-संदीप कुमार, थाना प्रभारी, घरौंडा।
No comments:
Post a Comment