- ईश्वर मेरे चाचा को सदबुद्धि दे - दिग्विजय चौटाला
- बार-बार बदजुबानी करके अपनी पार्टी को गर्त में ले जा रहे हैं अभय सिंह - दिग्विजय चौटाला
- दो साल हो गए इनेलो से निकाले, अपने ज़हन से हमें कब निकलेंगे अभय सिंह - दिग्विजय चौटाला
- इनेलो नेता अभय चौटाला ने दिग्विजय के लिए 'कंजर' शब्द का किया था इस्तेमाल
- यह शब्द कानूनी रूप से अशोभनीय, इस्तेमाल पर भी रोक – दिग्विजय चौटाला
- अभय चौटाला ऐसी बयानबाज़ी करके गरीब वर्गों के प्रति अपनी सोच को जाहिर कर रहे है - दिग्विजय
चंडीगढ़, प्रवीण कौशिक
जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने अपने चाचा इनेलो नेता अभय चौटाला के उस बयान पर हैरानी और सख्त एतराज जताया है जिसमें अभय चौटाला ने दिग्विजय के लिए 'कंजर' शब्द का इस्तेमाल किया था। दिग्विजय ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल के परिवार में इस तरह के अपशब्दों के इस्तेमाल का इतिहास कभी नहीं रहा और अभय चौटाला अपनी बौखलाहट में पूरे खानदान को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद चौधरी देवीलाल के पड़पौत्र हैं और ऐसे शब्द सुनकर जननायक के सभी अनुयायी आहत हैं। बीते दिनों जहां हरियाणा के सभी नेता बरोदा उपचुनाव में अपने उम्मीदवारों के पक्ष में बातें कर रहे थे, वहीं इनेलो नेता अभय चौटाला अपने जहन में जेजेपी के प्रति भरी नफरत और जलन को जाहिर कर रहे थे। दिग्विजय ने कहा कि बिना कारण ऐसी जहरीली बातें प्रदेश का सिर्फ एक ही नेता कर सकता है और इन्हीं आदतों की वजह से वे आज पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुके हैं। साथ ही दिग्विजय ने कहा कि कंजर शब्द का इस्तेमाल करने वाले अभय सिंह को यह पता होना चाहिए कि आज़ादी से पहले लोग इस शब्द का इस्तेमाल अनुसूचित जाति के कमजोर लोगों को अपमानित करने के लिए करते थे, जिसे बाद में कानूनी रूप से अशोभनीय शब्द मानकर इसके इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। कुछ इलाकों में यह शब्द वेश्यावृति के संबंध में भी इस्तेमाल होता है।
दिग्विजय ने पूछा कि क्या अभय चौटाला ऐसी बयानबाज़ी कर सभी गरीब वर्गों और समाज की कमजोर जातियों के प्रति अपनी सोच को जाहिर करना चाहते हैं? साथ ही चौधरी देवीलाल परिवार के एक सदस्य को ऐसा बोलकर क्या अभय चौटाला अपने बिगड़ते मानसिक संतुलन का परिचय नहीं दे रहे हैं ?
No comments:
Post a Comment