16 अगस्त को नपा प्रधान पद का होगा चुनाव
पद के लिए गहमागहमी शुरू
घरौंडा : प्रवीण कौशिक
नगरपालिका प्रधान पद के लिए एक बार फिर राजनैतिक जोड़-तोड़ शुरू हो गया है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए तीन दावेदारों द्वारा ताल ठोकने से पार्षदों के खेमों में खींचतान बढ़ सकती है। चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही पार्षदों के मान-मुनव्वल व तोडऩे जोडऩें की कवायद भी जारी है। इस बार प्रधान की कुर्सी हासिल करने के लिए अलग-अलग खेमों ने कई फार्मूलें तैयार किये है लेकिन वर्तमान परिस्थितियां पूर्व में अध्यक्ष पद के लिए बनी सर्वसम्मति से विपरित है। ऐसे में यह वक्त तय करेगा कि कौन-से खेमे का फार्मूला कामयाब होता है।
भाजपा में आस्था जताने के बाद घरौंडा नगरपालिका के सभी सत्रह पार्षदों ने वर्ष-2016 में सर्वसम्मति से वार्ड चार के पार्षद सुभाष गुप्ता को अध्यक्ष चुना था। सर्वसम्मति के दो वर्षो में कई मौकों पर पार्षदों और अध्यक्ष के बीच टकराव की स्थिति भी बनी। आखिरकार बीती 18 फरवरी 2019 को अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के खिलाफ लामबंद हुए पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पास कर दिया था। बीते छह माह से नगरपालिका सदन में अध्यक्ष की कुर्सी रिक्त है और उपप्रधान कंवलजीत कार्यकारी अध्यक्ष का जिम्मा सम्भाल रहे है। अब प्रशासन ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आगामी 16 अगस्त की तारीख घोषित कर दी है। चुनावों के ऐलान के बाद नपा राजनीति में पार्षदों के जमा घटा का खेल शुरू हो चुका है। हालाँकि ये चुनाव प्रधान पद के लिए होगा लेकिन इस चुनाव से उपप्रधान की कुर्सी भी जुड़ी हुई है। ऐसे में प्रधान व उपप्रधान पद की दौड़ में शामिल पार्षद सभी तरह की गोटियां फिट करने में लगे हुए है।
खेमे दो, दावेदार तीन-
नपा प्रधानगी के लिए अभी तक दो खेमों का अस्तित्व दिखाई दे रहा है लेकिन एक खेमें में कुर्सी के चाहवान दो उम्मीदवार है। इसी वजह से एक खेमा दो गुटों में बंटा हुआ लगता है। इस खेमें के एक गुट के पार्षद अमरिक सिंह ने दावा जताया कि उनके पास प्रधान पद के लिए पूरा कोरम है। पार्षद अमरिक सिंह ने कहा कि वे स्वयं प्रधान पद की दौड़ में है और उनकी जीत निश्चित है। वहीं खेमे के दूसरे गुट की महिला पार्षद के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह ने प्रधानी पर दावा ठोक दिया है। कुलदीप सिंह ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव लाने से पहले ही यह फार्मूला तय कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्षद आपस में बैठक करेंगें और जो वायदे हुए है उनके मुताबिक अध्यक्ष चुना जायेगा। वहीं पूर्व अध्यक्ष सुभाष गुप्ता एक बार फिर अध्यक्ष पद की रेस में है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर उन्होंने अपने साथी पार्षदों की फोटो शेयर करते हुए बहुमत होने का दावा पेश किया था।
ये है फार्मूला-
सुभाष गुप्ता के खिलाफ लामबंद हुए पार्षदों ने फार्मूला बनाया था कि प्रधानगी शेष कार्यकाल में दो प्रधान बनाए जाएंगें। इस फार्मूलें के तहत करीब आठ से दस माह के लिए अमरिक सिंह अध्यक्ष चुने जायेगें व बाकी कार्यकाल के लिए कुलदीप सिंह प्रधान बनेंगें। कुछ ऐसा ही फार्मूला पार्षदों ने उपप्रधान पद के लिए भी तय कर रखा है। पार्षद ओंकार शर्मा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पहले टर्म में अमरिक सिंह को अध्यक्ष चुना जायेगा उसके बाद कुलदीप सिंह का नम्बर है। शर्मा ने यह भी बताया कि वर्तमान उपप्रधान इस्तीफा देंगे जिसके बाद रामसिंह नेहरा को वाईस चेयरमैन बनाने की बात तय हुई है। ओंकार शर्मा ने कहा कि रामसिंह नेहरा का कार्यकाल भी साल भर का रहेगा, उसके बाद वे सदन के उपप्रधान बनेंगें।
No comments:
Post a Comment