गुगा नौंवी के अवसर पर ग्रामीणों की ओर से विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन
खंड के गांव पूंडरी में गुगा नौंवी के अवसर पर ग्रामीणों की ओर से विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुश्ती दंगल में हरियाणा के अलावा पंजाब, उतरप्रदेश व दिल्ली से पहलवानों ने भाग लेकर जौहर दिखाए। दंगल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में हैफेड़ चेयरमैन व घरौंडा विधायक हरविन्द्र कल्याण ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक हरविन्द्र कल्याण ने खिलाडिय़ों व खेल प्रेमियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने देश व प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए अच्छे खेल मैदान व खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम किया है। जिसकी बदौलत आज हमारे खिलाड़ी पूरे विश्व में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि कुश्ती हमारी माटी व संस्कृति से जुड़ा खेल है। इस खेल में हमारे पूर्वजों ने प्रारम्भ से ही पूरे विश्व में नाम चमकाया है। आज हमारे प्रदेश के खिलाड़ी कुश्ती में चाहे एशिया खेल हो या फिर ओलम्पिक सराहनीय प्रदर्शन कर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक का गांव में खेल स्टेडिय़म निर्माण करवाने के लिए आभार जताया व विधायक को विकास पुरूष बताया। कुश्ती प्रतियोगिता में उतरप्रदेश के पहलवान सुरफियान व दिल्ली के नीरज के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके अलावा नसीम उतरप्रदेश ने जसबीर कैथल को हराया। लड़कियों में सोनम मुणक को करनाल की रजनी ने हराया। कुश्ती दंगल में एक दर्जन महिला पहलवानो ने मुकाबले में भाग लिया व पुरूषों में लगभग 50 पहलवानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पूंडरी महिला सरपंच प्रतिनिधि सुरेन्द्र वाल्मिकि, रोहताश पूंडरी, राजेन्द्र बसताड़ा, महेन्द्र कैमला, नरेश सरपंच हरिसिंहपूरा, महेश मलिक सरपंच बरसत, सुरेन्द्र शर्मा, संजय त्यागी, नरेश, प्रेम शर्मा, रघुबीर कैमला सहित अन्य मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment