10000

Wednesday, 2 June 2021

टीम दीपेंद्र हुड्डा कोरोना पीडि़तों की सेवा में कार्यरत: रघबीर संधू

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीम दीपेद्र हुड्डा ने भेंट किए दो ऑक्सीजन कंसंट्रेटरघरौंडा: डॉ. प्रवीण कौशिक
कोरोना संकटकाल में विपक्षी पार्टियां भी सहयोग के लिए आगे आई है। कांग्रेस की दीपेंद्र हुड्डा टीम पूरे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर डोनेट कर रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने घरौंडा के सरकारी अस्पताल में दो ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर भेंट किए गए, ताकि कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन को लेकर किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़ें।बुधवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश सचिव रघबीर संधू, पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान, अनिल राणा, राजेंद्र बेगमपुर, पवन गुप्ता व अन्य कांग्रेस लीडर घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचें। कांग्रेस नेताओं ने टीम दीपेंद्र हुड्डा की तरफ से अस्पताल के एसएमओ डॉ. मुनेश गोयल को दो ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर भेंट किए। जिसमें एक छोटा व एक बड़ा कंसन्ट्रेटर शामिल है। 
कांग्रेस नेता रघबीर संधू, नरेंद्र सांगवान व अन्य ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच ऑक्सीजन की किल्लत रही है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कोरोना पीडि़त मरीजों के लिए वरदान साबित होगे। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर सरकार के इंतजाम विफल रहे है। कोरोना मरीजों को बैड की जगह बैड नहीं मिलता, ऑक्सीजन की जगह ऑक्सीजन नहीं मिलती और दवाई की जगह दवाई नहीं मिलती। बीजेपी सरकार ने कोरोना पीडि़तों को अपने हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा टीम कोरोना काल में लोगों की सेवा का काम रही है। कांग्रेस ने सैनिटाइजर बांटें है मास्क वितरण किया, कोरोना वॉरियर्स को सम्मानित किया है। कोरोना में पीडि़तों को राहत देने के लिए कांग्रेस हरसंभव प्रयास कर रही है।

कोरोना महामारी को आमजन के सहयोग से ही हराया जा सकता है, लोग कोरोना वारियर की निभाएं भूमिका : एसडीएम डा. पूजा भारती।

घरौंडा, प्रवीण कौशिक
घरौंडा की एसडीएम डा. पूजा भारती ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने आस-पास के लोगों का भी ध्यान रखे तथा इस महामारी के प्रकोप को बढऩे रोकें। वे अपने कार्यालय में कोरोना महामारी से बचाव के बारे में लोगों को जानकारी दे रही थी।
उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन द्वारा समय-समय पर लोगों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए हिदायतें जारी की जाती हैं। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वे कोरोना वारियर्ज की तरह कार्य करके अपने साथ-साथ दूसरों को भी इस महामारी से बचाव के बारे में जागरुक करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना महामारी की चपेट से बचाया जा सके, जागरुकता ही बचाव है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंडों के तहत हमें वैक्सीन की दोनों डोज लगवानी है। इस महामारी के फैलाव को रोकने में टीकाकरण सबसे बड़ा हथियार सिद्ध होगा। प्रत्येक नागरिक अपना कर्तव्य समझकर टीकाकरण के लिए आगे आए ताकि कोरोना की इस कड़ी को तोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए निर्धारित नियमों का पालन न करना किसी के लिए भी भारी पड़ सकता है तथा वे लोग कोरोना की चपेट से नहीं बच सकते। वैक्सीनेशन लगवाकर तथा सैनीटाईजर व मास्क का प्रयोग कर स्वयं को तथा दूसरों को भी इस महामारी से बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा शहर की कालोनियों, वार्डों तथा गांवों में लगातार सैनेटाइजेशन करवाया जा रहा है तथा लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है ताकि कोरोना वायरस को ज्यादा से ज्यादा फैलने से रोका जा सके।

Monday, 31 May 2021

विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा तोड़े जाने से समाज के लोगों में गुस्सा, एसडीएम को सौंपा प्रदेश मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने की उठी मांगघरौंडा:प्रवीण कौशिक
डिंगर माजरा के विश्वकर्मा मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा तोड़े जाने से गुस्साए समाज के लोगों ने एसडीएम कार्यालय में जमकर बवाल काटा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एस.डी.एम को प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने स्पष्ट किया कि समाज भगवान विश्वकर्मा जी का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। इस घटना से समस्त समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। प्रशासन से मांग की गई कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
सोमवार को श्री विश्वकर्मा सुधार सभा डिंगर माजरा के प्रधान आत्माराम के नेतृत्व में सैंकड़ों लोग उपमंडलाधिकारी कार्यालय में एकत्रित हुए। घटना से आहात समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी की। प्रधान आत्माराम, पूर्व प्रधान सुभाष धीमान, गुलाब धीमान, कमलकांत धीमान, रामनिवास, रविंद्र धीमान, अशोक कुमार व अन्य ने बताया कि 27 मई की रात को डिंगर माजरा गांव के विश्वकर्मा मंदिर में घुसकर किसी शरारती तत्व ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को खंडित कर दिया। 28 मई की सुबह भारी संख्या में समाज के लोग विश्वकर्मा मंदिर में एकत्रित हो हुए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई थी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट भी उठाए थे। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और छानबीन शुरू कर दी थी लेकिन लगभग पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। जिससे समाज के लोगों में रोष व्याप्त है।
श्री विश्वकर्मा समाज सुधार सभा डिंगर माजरा ने श्री विश्वकर्मा महासभा घरौंडा एवं समस्त विश्वकर्मा समाज के लोग के साथ उपमंडलाधिकारी डॉ. पूजा भारती को प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रधान आत्माराम का कहना है कि शरारती तत्वों ने भगवान श्री विश्वकर्मा जी की मूर्ति तोड़कर एक निंदा का कार्य किया गया। यह समाज को तोडऩे और फूट डालने का प्रयास है। भगवान या महापुरूषों की मूर्तियों को खंडित करने के मामले बढ़ते जा रहे है। आए दिन कहीं न कहीं किसी न किसी प्रतिमा को तोड़े जाने की खबर मिलती है। जिन लोगों द्वारा इस तरह के कुकृत्य किए जाते है उनके खिलाफ प्रशासन कार्रवाई अमल में लाए, ताकि इस तरह की घटनाएं भविष्य में न हो। यदि प्रशासन जल्द से जल्द कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाता है तो आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी। 
वहीं एसडीएम डॉ. पूजा भारती ने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि उनके मांग पत्र को डीसी कार्यालय में माध्यम से सी.एम. ऑफिस पहुंचा दिया जाएगा।

दोनों ही चिकित्सा पद्धतियो को करना चाहिए एक दूसरे का सम्मान :डॉ मुकेश अग्रवाल


घरौंडा :प्रवीण कौशिक
आयुर्वेद जागृति मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मुकेश अग्रवाल ने कहा कि आयुर्वेदा विश्व की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धति है। जिसके अंदर हर बीमारी का वैज्ञानिक तरीके से इलाज संभव है जब से सृष्टि बनी है, तब से आयुर्वेद मानव जाति जे स्वास्थ्य की रक्षा एवं चिकित्सा करता आया है। हमारे वेदों से आयुर्वेद निकला है, अथर्ववेद का इसे अंग कहा जाता है। आयुर का मतलब होता है किसी व्यक्ति की उम्र और वेद का मतलब होता है विज्ञान यानी हमारे जीवन के विज्ञान को आयुर्वेद कहा जाता है। आयुर्वेद चिकित्सा करने के साथ-साथ लोगों को जीने का सही तरीका भी सिखाता है। इसे पूरे विश्व के अंदर अलग सम्मान प्राप्त है। 
एलोपैथिक और आयुर्वेद के बीच चल रहे विवाद पर बोलते हुए डॉ मुकेश अग्रवाल ने कहा कि जब इस तरह के विवाद होते है तो एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते हैं। जब हम एक दूसरे का विरोध करने के लिए आते हैं तो कुछ बातें गलत भी कहीं जाती है जो कि नहीं कही जानी चाहिए, फिर चाहे वह बाबा रामदेव की तरफ से आई हो या फिर आई एम ए की तरफ से आई हो। 
दुनिया की कोई भी चिकित्सा पद्धति हो उसका सिर्फ एक ही उद्देश्य होता है कि वह मानव की सेवा कर सके और उसके स्वास्थ्य की रक्षा कर सके, इसीलिए हर चिकित्सा पद्धति को एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए एलोपैथिक को आयुर्वेद का इसलिए सम्मान करना चाहिए क्योंकि उसमें क्रॉनिक बीमारियों का बहुत बेहतर व वैज्ञानिक इलाज उपलब्ध है। वही आयुर्वेद को एलोपैथिक का इसलिए सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि काल के प्रभाव में एलोपैथिक ने बहुत ही तेजी से प्रगति की है और इमरजेंसी चिकित्सा और आधुनिक सर्जरी जैसी चीजें दी है, हालांकि सर्जरी आयुर्वेद से ही निकला है। महर्षि सुश्रुत ने अपनी सुश्रुत संहिता के अंदर बहुत सी ऐसी सर्जरी का उल्लेख किया है, जिनको आधुनिक चिकित्सा पद्धति  ने उधार लिया है या फिर यूं कहें कि उस के अंदर कही न कही आयुर्वेद का पक्ष विद्यमान है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल के दौरान इस तरह के विरोधाभास नहीं होने चाहिए। कोरोना एक वैश्विक महामारी है, इस समय प्रत्येक चिकित्सा पद्धति का यह उद्देश्य होना चाहिए कि हम मिल जुलकर इस संकट से लड़े। जिस भी चिकित्सा पद्धति के पास जो बेहतर इलाज है वह लेकर आए और एक समर्पण भाव से मानव जाति की सेवा करे।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद जागृति मिशन इस बात का पक्षधर रहा है कि सभी चिकित्सा पद्धति एक मंच पर आए और एक दूसरे का सम्मान करें। आयुर्वेदा के पास इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए वे चीजें है जो एलोपैथी के पास नहीं है। हम बीमार ही ना हो, बचाव की थेरेपी आयुर्वेदा के पास ज्यादा बेहतर है। क्यूरिटिव थेरेपी दोनों के पास बेहतर है, इसलिए दोनों मिलजुल कर काम करे। आयुर्वेदा के पास ऐसी औषधियां भी है जो इमरजेंसी में बहुत अच्छी तरह से काम करती है। सरकार को आगे आना चाहिए और अनुसंधान परक आयुर्वेदा मेडिसिन को विकसित करे और एक ऐसा फोरम बनना चाहिए, जिसके अंदर आयुर्वेद और एलोपैथी के चिकित्सक और अनुसंधानकर्ता हो। राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐसी बॉडी का गठन हो, जो सारी की सारी चिकित्सा पद्धतियो को कंपेरहंसिव तरीके से लोगों के सामने लेकर आये। इससे एक ऐसी चिकित्सा पद्धति का निर्माण हो सकता है जिसके अंदर दोनों के गुण विधमान हो।

हर व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित रखे, मास्क का इस्तेमाल करें:सुभाष चंद्र

सुभाष चन्द्र ने  नीलोखेड़ी विधानसभा के गांव रायपुर रोड़ान,बराना इत्यादि गांवों में फेस मास्क व सेनेटाइजर वितरण किया। 
घरौंडा, प्रवीण कौशिक
 स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चन्द्र ने  नीलोखेड़ी विधानसभा के गांव रायपुर रोड़ान,बराना इत्यादि गांवों में फेस मास्क व सेनेटाइजर वितरण किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के 7 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा ही संगठन के भाव को चरितार्थ करते हुए भारतीय जनता पार्टी के अथक  व कर्मशील प्रदेश अध्यक्ष ओ पी धनखड़ के नेतृत्व में  रक्तदान शिविर, फेस मास्क व सेनेटाइजर वितरण तथा कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारियों व कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों में बढ़ चढक़र भाग ले रहे हैं। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र हित को समर्पित पार्टी हैं इसका प्रत्येक कार्यकर्ता देशहित सर्वोपरि के भाव से काम करते हैं।
वाइस चेयरमैन सुभाष चन्द्र ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जी अथक प्रयासों से कोरोना संक्रमितों की संख्या बहुत तेजी से कम हो रही है फिर भी कोरोना बीमारी से बचाव का एक ही उपाय है वो है कोरोना से बचाव के उपायों को अपनाना। हर व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित रखे, मास्क का इस्तेमाल करें, कोरोना महामारी से अपना बचाव करने के लिए सतर्कता बरतनी होगी। श्री चन्द्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ओजस्वी नेतृत्व वाली सरकार जन सेवा के माध्यम से राष्ट्र सेवा कर रही है।  टीकाकरण के क्षेत्र में अनुकरणीय काम करते हुए दुनिया में भारत के सम्मान को बढ़ाया है और भारत को दुनिया का दूसरे नम्बर का देश बना दिया जो हम सब के लिए गर्व का विषय है।अगर कोई नागरिक फेस मास्क का इस्तेमाल नहीं करता तो वह अपनी जिंदगी के साथ-साथ समाज में रह रहे अन्य लोगों की जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे कोविड-19 के संक्रमण से स्वयं का बचाव करें। अपने परिवारजनों व समाज को बचाने में भी अपना अपेक्षित सहयोग दें। सरकार व प्रशासन द्वारा जारी हिदायतों की पालना अवश्य करें।
उन्होंने ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता तन, मन और धन से समर्पित भाव से सेवा के कार्यों में लगा रहता है। जनता के हित को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करता है और आगे भी करता रहेगा। केन्द्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के उद्देश्य को आत्मसात करते हुए देश और विदेश में सफलता के ऐतिहासिक मापदंड स्थापित कर रहीं हैं। केन्द्र सरकार जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर प्रतिफलित करने में लगी हुई है।
 इस अवसर पर जाने माने शिक्षाविद मास्टर जय सिंह जी,डॉ गुलाब बराना,प्रो.सुभाष बराना,रायपुर रोड़ान सरपंच सुरेश कुमार, बराना पूर्व सरपंच चौ रतन सिंह, सोमपाल लोहट,मुकेश सिंह,कृष्ण बराना,कर्मचन्द रायपुर,रीना मेम्बर पंचायत,सहित सभी भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sunday, 30 May 2021

सात जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन, नगरपालिका ने शेड्यूल में किया परिवर्तन, हार्डवेयर व सैलून संचालको को छूट

हार्डवेयर दुकानों का शेड्यूल होगा सोम, बुध व शुक्रवार, सैलून संचालक रविवार को भी खोल सकेंगे दुकानेंघरौंडा: पवन अग्रवाल
कोरोना के मामलों में थोड़ी कमी आने के बाद हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन में थोड़ी छूट दी है। लॉकडाउन सात जून तक बढ़ा दिया गया। सरकार ने दुकानों की समय सीमा को थोड़ा बदल दिया है। जहां पहले दुकानें सात से 12 बजे तक खोली जा सकती थी, वहीं अब टाइमिंग सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक कर दी गई है। ऑड-ईवन का फार्मूला जारी रहेगा, लेकिन घरौंडा में दुकाने नगरपालिका के शेड्यूल के अनुसार ही खोली जाएगी। नगरपालिका ने कुछ दुकानों के दिनों में थोड़ा-सा परिवर्तन जरूर किया है।
सरकार चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन जारी रखे हुए है। जैसे-जैसे कोरोना के मामलों में कमी आ रही है वैसे ही सरकार भी थोड़ी छूट बढ़ाती जा रही है। लॉकडाउन सात जून तक रहेगा। सरकार ने 15 जून तक शिक्षण संस्थान बंद रखने और रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कफ्र्यू लागू रहने के आदेश जारी किए है। सरकार के आदेशों के अनुसार ही नगरपालिका ने भी दुकानदारों को दिशा निर्देश जारी कर दिए है। टाइमिंग नौ बजे से तीन बजे तक रहेगी, लेकिन दुकानें नगरपालिका द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार ही खुलती रहेगी। 
नगरपालिका सचिव रविप्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हार्डवेटर और सेलून संचालकों की मांग पर शेड्यूल में थोड़ा चेंज किया गया है। हार्डवेयर की दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खुल सकेंगी। वहीं सेलून संचालक सोम, बुध व शुक्रवार के साथ-साथ रविवार को भी दुकानें खोल सकते है। सैलून की दुकानों के लिए सात बजे से एक बजे तक की समय सीमा निर्धारित की गई है। रविप्रकाश शर्मा ने स्पष्ट किया कि जो शेड्यूल नगरपालिका द्वारा जारी किया गया है। उसके मुताबिक ही दुकानदार अपनी दुकानों को खोले, कोई भी दुकानदार नियम तोड़ता है तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

विपक्षी दलों और किसान नेताओं पर सांसद भाटिया ने लगाए जनता को भ्रमित करने के आरोप

भाटिया बोले-लोगों को गुमराह करने वाले नेता अब वैक्सीन की लाईन में सबसे आगे खड़े है
घरौंडा: डॉ.प्रवीण कौशिक
करनाल लोकसभा से सांसद संजय भाटिया ने विपक्षी दलों और किसान नेताओं पर कोरोना महामारी व वैक्सीनेशन के बारे में जनता को भ्रमित करने के आरोप लगाए है। भाटिया ने कहा कि लोगों को गुमराह करने वाले नेता अब वैक्सीन की लाईन में सबसे आगे खड़े है। दुनियाभर में हुई वैक्सीनेशन के आंकड़ों में भारत बहुत आगे है, पूरे संसार में भारतीय टीकाकरण की जय-जयकार हो रही है। गुरनाम सिंह चढूनी पर कटाक्ष करते हुए सांसद ने कहा कि चढूनी ने मैडिकल साईंस को चैलेंज करते हुए दावा कर दिया कि कोरोना बिमारी 5जी टावर के कारण फैल रही है।केंद्र की एन.डी.ए. सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर भाजपा की तरफ से प्रदेश के सभी गांवों में कोरोना महामारी के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सांसद संजय भाटिया और घरौंडा विधायक हरविन्द्र कल्याण गांव डबरकी में मास्क व सैनेटाईजर बांटने पहुंचे। ग्रामीणों को मास्क के प्रयोग और सैनेटाईजर के इस्तेमाल के बारे में जागरूक करते हुए भाजपा नेताओं ने लोगों को महामारी से बचाव के बारे में प्रपत्र भी बांटे। विधायक हरविन्द्र कल्याण ने गांव कैमला में कहा कि कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए सरकार व प्रशासन लगातर काम कर रहा है। ऐसे में लोगों के बीच कोरोना से बचाव की जागरूकता भी बहुत महत्वपूर्ण है . वैक्सीनेशन रफ़्तार और उपलब्धता के बारे में विधायक ने कहा कि भारत की जनसंख्या बहुत बड़ी है, बावजूद इसके सरकार ने तेजी के साथ चुनौतियों को निपटा है। करनाल लोकसभा से सांसद संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर पार्टी देश में जागरूकता अभियान चला रही है। भाटिया ने कहा कि सरकार पूरी गम्भीरता के साथ कोरोना से बचाव व ईलाज के प्रबंधों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि दूसरी लहर में संक्रमण की रफ़्तार कम हो चुकी है लेकिन तीसरी लहर के बारे में जिस तरह की फीडबैक विशेषज्ञों से मिल रही है उसको देखते हुए सरकार बच्चों के लिए प्रबंध करने शुरू कर दिए है। सांसद ने विपक्षी दलों के नेताओं पर कोरोना वैक्सीन के बारे में जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने लोगों से वैक्सीन लगवाने का आह्वान किया तो विपक्षी नेताओं ने झूठी बातों से लोगों को गुमराह किया और अब ये ही नेता टीका लगवाने के लिए सबसे आगे खड़े हुए है। कोरोना फैलने को लेकर गुरनाम सिंह चढूनी द्वारा दिए गए ब्यान की भी भाटिया ने आलोचना की। सांसद ने कहा कि चढूनी ने मैडिकल साईंस को चैलेंज कर दिया और लोगों को गुमराह किया कि कोरोना की बिमारी 5जी टावर लगने के कारण फैल रही है।

मनीष गुप्ता भाविप घरौंडा के अध्यक्ष,दीपक शर्मा सचिव व हरीश गर्ग कोषाध्यक्ष बने।

दायित्व ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की शिरकत घरौंडा, डॉ प्रवीण कौशिक           भारत विकास परिषद्, शाखा घरौंडा द्वार...